प्रधान व सदस्य ग्राम पंचायत के रिक्त पदों पर निर्वाचन हेतु अधिसूचना जारी
पंचायत जागरण संवाद
अमेठी। राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0 के निर्देशानुसार जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी(पं0) राकेश कुमार मिश्र ने अवगत कराया है कि जनपद के सम्बन्धित विकास खण्डों में ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा सदस्यों के वैधानिक रूप से रिक्त स्थानों/पदों जो न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित न हो, पर उप निर्वाचन समय सारिणी के अनुसार कराये जाने हेतु आदेशित किया है कि रिक्त पदों के विवरणानुसार वि0ख0-संग्रामपुर के ग्राम पंचायत मडौली में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला श्रेणी एवं वि0ख0-मुसाफिरखाना के ग्राम पंचायत पलिया पूरब में अनारक्षित श्रेणी के प्रधान पद तथा वि0ख0-भेटुआ के ग्राम पंचायत अमेयमाफी वार्ड सं0-2 में अनुसूचित जाति, सुमेरपुर वार्ड सं0-9 में अनारक्षित, भेटुआ वार्ड सं0-8 में महिला श्रेणी, वि0ख0-भादर के ग्राम पंचायत गुडूरी वार्ड सं0-4 में अनुसूचित जाति, सोनारी वार्ड सं0-6 में अनारक्षित, वि0ख0-संग्रामपुर के ग्राम पंचायत नेवादा कनू वार्ड सं0-5 में अनारक्षित, कनू वार्ड सं0-3 में महिला पद, चण्डेरिया वार्ड सं0-2 एवं पूरे मुहीबशाह वार्ड सं0-3 में अनारक्षित पद, वि0ख0-तिलोई के ग्राम पंचायत सैम्बसी वार्ड सं0-5 में अनारक्षित, भागीरथपुर वार्ड सं0-6 में अन्य पिछड़ा वर्ग, कमई वार्ड सं0-14 में अनारक्षित पद, वि0ख0-सिंहपुर के ग्राम पंचायत धीरापुर वार्ड सं0-11 में अनुसूचित जाति, वि0ख0-अमेठी के ग्राम पंचायत रामगढ़ वार्ड सं0-15 में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, रामगढ़ वार्ड सं0-11 में अन्य पिछड़ा वर्ग, उमापुर गानापट्टी वार्ड सं0-2 एवं परसावां वार्ड सं0-7 में अनारक्षित पद, वि0ख0-शाहगढ़ के ग्राम पंचायत जलामा वार्ड सं0-2 में अनुसूचित जाति महिला, दुलापुर खुर्द वार्ड सं0-6 एवं हरिहरपुर वार्ड सं0-4 में अनुसूचित जाति तथा वि0ख0-जामों के ग्राम पंचायत हरकरनपुर वार्ड सं0-9 में अनुसूचित जाति व राजामऊ वार्ड सं0-5 में अनारक्षित श्रेणी के सदस्य पद रिक्त है।
इस क्रम में उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने की अन्तिम तिथि 20 फरवरी 2023 को पूर्वान्ह 10 बजे से 4 बजे तक, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 21 फरवरी 2023 को 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक, उम्मीदवारी वापसी 22 फरवरी 2023 को पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक, प्रतीक आवंटन 22 फरवरी 2023 को अपरान्ह 3 बजे से कार्य की समाप्ति तक, मतदान की तिथि 02 मार्च 2023 प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक तथा मतगणना 04 मार्च 2023 को प्रातः 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक की जायेगी।
इस सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं सदस्यों के रिक्त स्थानों/पदों पर निर्वाचन हेतु प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण 16 फरवरी 2023 को सार्वजनिक रूप से निर्गत की जायेगी तथा निर्वाचन कार्यक्रम को प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराते हुए व्यापक प्रचार कराया जायेगा और गाॅवों में मुनादी द्वारा सर्वसाधारण को इसकी सूचना दी जायेगी।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जानकारी हेतु ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सूचना पट्ट पर कार्यक्रम प्रदर्शित किया जायेगा, उक्त उप निर्वाचन उ0प्र0 पंचायतराज (सदस्यों, प्रधानों व उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 के अनुसार सम्पन्न होगा, निर्वाचन अधिकारी की सूचना निर्गत किये जाने के तिथि से नामांकन पत्रों का विक्रय किया जायेगा। उपर्युक्त उप निर्वाचन में प्रधान ग्राम पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी संवीक्षा करने, उम्मीदवारी वापस लेने, चुनाव चिन्ह आवंटन तथा मतगणना का कार्य सम्बन्धित विकास खण्ड मुख्यालय पर होगा, परिणाम की घोषणा भी सम्बन्धित विकास खण्ड मुख्यालय पर की जायेगी। उन्होंने बताया कि उपर्युक्त समय सारिणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्यवाही की जायेगी, सन्दर्भित निर्वाचन कोविड-19 व अन्य किसी महामारी के सम्बन्ध में राज्य आपदा प्रबन्ध, राष्ट्रीय आपदा प्रबन्ध, राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार तथा केन्द्र सरकार द्वारा समय-समय पर निर्गत दिशा-निर्देशों का कड़ाई के साथ अनुपालन कराते हुए सम्पन्न कराये जायगे।
Panchayat Jagran