सैनिक स्कूल अमेठी में एनसीसी दिवस पर स्वच्छता अभियान, सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम


पंचायत जागरण संवाद
अमेठी । सैनिक स्कूल अमेठी में एनसीसी दिवस के अवसर पर सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। प्रधानाचार्य महोदय के निर्देशन में एनसीसी स्टाफ CTO मुन्ना कुमार शर्मा, सूबेदार विजय सिंह, हवलदार जितेन्द्र दिगारसे तथा सभी एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रथम चरण में एनसीसी दल ने गौरीगंज स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों को अल्पाहार वितरित किया और उनके साथ समय बिताते हुए सम्मान और संवेदना का संदेश दिया। कैडेट्स ने वृद्धजनों की आवश्यकताओं और दैनिक जीवन के विषय में भी जानकारी प्राप्त कर समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आदर का भाव रखने का संकल्प लिया। दूसरे चरण में एनसीसी कैडेट्स ने पी. एम. श्री विद्यालय, रामगंज में स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया। विद्यालय परिसर की सफाई के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता संदेश भी दिया गया। कैडेट्स ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में प्रेरक संदेश दिए और उन्हें भी अल्पाहार वितरण किया। एनसीसी दिवस पर आयोजित यह सेवा कार्यक्रम समाज के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने वाला रहा। सैनिक स्कूल अमेठी द्वारा आयोजित इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
Panchayat Jagran