पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों के पेशेवर जमानतदारों को किया
जाएगा चिन्हित ,होगी कार्यवाही

पंचायत जागरण संवाद
रायबरेली । बार-बार अपराधियों की जमानत लेने वाले भी अब पुलिस के रडार पर हैं। क्योंकि रायबरेली पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जिले में बदमाशों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन छेड़ रखा है और उन पर ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी है। ऐसे अपराधी और बदमाश पुलिस के टारगेट पर हैं, जो जमानत पर बाहर घूम रहे हैं।
उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पुलिस अब उनके जमानतदारों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। ऐसे जमानतदारों की बाकायदा लिस्ट तैयार कर यह जानने की कोशिश की जाएगी कि आखिरकार उसने अपराधी या बदमाश की जमानत क्यों ली है। इन जमानतदारों की डिटेल में पड़ताल और छानबीन की जाएगी। ऐसे जमानतदारों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। बता दें कि रायबरेली पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की नजर जिले के बड़े और छोटे अपराधियों की जमानत लेने वाले जमानतदारों पर हैं, जो धन के लालच में एक-एक अपराधी की बार-बार जमानत लेते हैं। इसके लिए एसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया है कि वे अपराधियों की जमानत लेने वालों की एक सूची तैयार करें और यह देखें कि जमानतदारों ने किस परिस्थिति में अपराधी की जमानत ली है। इसके अलावा उन जमानतदारों को चिन्हित करें, जो बार-बार अपराधी की जमानत लेते है। ऐसे जमानतदारों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजें।
एक सैकड़ा से अधिक पेशेवर जमानदार चिन्हित:- पुलिस विभाग के आकड़ों के अनुसार, जांच में करीब एक सैकड़ा से अधिक पेशेवर जमानतदार चिन्हित किए गए है। इसमें उनके द्वारा बारबार शातिर अपराधियों की जमानत ली जा चुकी है। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि अपराधियों को जमानत देने के नाम पर उनसे रुपए भी लेते है। उक्त लोगों का यह पेश बन गया है कि अपराधियों की जमानत पत्र भरकर दे दो और उनसे रुपए ले लो। इसमें कुछ ऐसे लोगों के भी नाम प्रकाश में आए है।
अपराध पर लगेगी लगाम:- एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि आखिर वो कौन लोग हैं, जिन्होंने बदमाशों और अपराधियों की जमानत ली है? उनकी बाकायदा एक लिस्ट तैयार कराई जा रही है। ऐसे जमानतदारों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्यवाही जारी रखेगी।
Panchayat Jagran